विंध्याचल। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शनिवार को विंध्य कॉरिडोर के अंतर्गत शेष संपत्तियों की खरीदारी की समीक्षा की। विंध्याचल पहुंचे जिलाधिकारी ने विवादित भूखंड के दावेदारों को सोमवार को अपने अभिलेखों समेत उपस्थित होने को कहा है।
विंध्य कॉरिडोर के अंतर्गत मंदिर के परिक्रमा पथ और चार मुख्य मार्गों पुरानी वीआईपी , न्यू वीआईपी, पक्काघाट और कोतवाली मार्ग पर कुल 473 संपत्तियों को खरीदा जाना था। इसमें से 450 संपत्तियों की खरीदारी पर्यटन विभाग ने कर ली है। इसमें कुछ धार्मिक मंदिर भी जद में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पिछले दौरे पर जिला प्रशासन को कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर और तेजी लाने की बात कही थी। जिस पर जिलाधिकारी ने वृहस्पतिवार के दिन योजना में लगे विभागों को निर्देश जारी किया कि अगले पांच दिनों में संपूर्ण मलबा हटाने के साथ न्यू वीआईपी मार्ग पर शेष 23 संपत्तियों की भी खरीदारी भी संपन्न कराई जाए। दरअसल न्यू वीआईपी मार्ग पर लगभग साढ़े छह हजार फीट की जमीन पर विवाद है। इसमें तीन पक्ष अपने को स्वामी बता रहे है। दो दिनों से नगर मजिस्ट्रेट से लेकर जिलाधिकारी के समक्ष तीनों लोग अपना-अपना अधिकार जताने में लगे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी न्यू वीआईपी पर पहुंचे और तीनों पक्षों को मौके पर बुलाकर जमीन की सीमा चिह्नित करने को कहा। मामले का निस्तारण न होने की स्थिति में जिलाधिकारी ने तीनों पक्षों को सोमवार के दिन अपने दफ़्तर में अपने-अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा है। अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह और नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह आदि थे। इसके पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर भी इस मामले पर विचार किया गया। इसमें पंडा समाज के लोग भी उपस्थित थे।