थाना क्षेत्र के लोढ़वा गांव में सड़क निर्माण के दौरान तारकोल गर्म करते समय चिंगारी उड़कर खेत में जाने से गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाते हुए सड़क निर्माण में लगे मजदूराें को बंधक बना लिया और प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंधकाें को छुड़ाकर ठेकेदार और मजदूराें को थाने ले गई।
लोक निर्माण विभाग के निर्माण विभाग द्वारा इन दिनाें जमालपुर विकास खंड के ओढ़ी देवरीला मार्ग पर सड़क मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार के कर्मियाें द्वारा सोमवार की दोपहर सड़क किनारे आग जलाकर तारकोल गर्म कर गिट्टी मिलाई जा रही थी। इस दौरान तेज हवा चलने से आग से निकली चिंगारी उड़कर बगल में स्थित एक खेत में चली गई। जिससे गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई।
खेत में आग लगने की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाया लेकिन तब तक गांव निवासी रामवृक्ष की दस बिस्वा गेहूं की फसल जल चुकी थी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने काम कर रहे मजदूराें को बंधक बनाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि मानक के अनुरूप सड़क निर्माण नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणाें ने आग से नुकसान हुए किसान सुरेश सिंह की फसल का मुआवजा देने के बाद ही मजदूराें को छोड़ने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूराें को छुड़ाते हुए ठेकेदार को थाने ले गई।
प्रदर्शन करने वालाें में अमित सिंह, अनिल सिंह, काशीनाथ, अशोक सिंह, मोती, विनोद, ज्वाला, चंद्रशेखर आजाद तथा नरोत्तम सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।