चील्ह। चील्ह-गोपीगंज मार्ग स्थित चेतगंज बाजार में शुक्रवार को काश्तकारों द्वारा जमीन तक जाने के लिए रास्ता न देने से नाराज ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। बस्ती के लोगों का कहना है कि जब तक रास्ता नहीं, तब तक मतदान नहीं किया जाएगा।
अनिरुद्ध पुर पश्चिम पट्टी गांव के लोग महगीपुर ग्राम पंचायत के एक काश्तकार के खेत में से रास्ता ले जाने को लेकर के चेतगंज बाजार में जाम लगा दिया। महंगी पुर ग्राम पंचायत के निवासी गणेश मिश्रा के नाम से खाता नंबर 31 दर्ज है। गणेश की जमीन में से पश्चिम पट्टी गांव के एक विशेष वर्ग के लोग जबरन रास्ता लेना चाहते हैं। कई बार विवाद हुआ। यहां तक की कई बार राजस्व टीम जाकर के मौके पैमाइश की। 20 नवंबर को जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में चहारदीवारी बनाई गई। जिसे असामाजिक तत्वों द्वारा उसी रात गिरा दिया गया। जाम में शामिल ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक रास्ता नहीं तब मतदान नहीं किया जाएगा। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस चौकी चेतगंज प्रभारी हरिकेश सिंह व थाना प्रभारी अजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को किसी तरह से समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। जाम लगभग एक घंटे तक रहा। इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही।