पटेहरा ब्लाक क्षेत्र के टउआ अमोई स्थित कंपोजिट विद्यालय में नाली साफ करते बच्चे।-सोशल मीडिया।
पटेहरा। ब्लॉक क्षेत्र के टउआ अमोई के कंपोजिट विद्यालय के छात्रों से जाम नाली को साफ कराने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में बच्चों के हाथों में फावड़ा देकर विद्यालय परिसर की जाम नाली साफ कराते हुए दिखाया जा रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से लगातार हुई बारिश से विद्यालय परिसर की नाली जाम हो गई थी। वीडियो में एक शिक्षक की मौजूदगी में तीन-चार बच्चे दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक बच्चा फावड़े से नाली में जमी मिट्टी और कचरा निकालते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य बच्चे उसके आसपास खड़े हैं। वीडियो आने के बाद बच्चों से श्रम कराए जाने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार गांवों में सफाई व्यवस्था के लिए सफाईकर्मियों की तैनाती कर उनके वेतन पर लाखों रुपये खर्च कर रही है।
इसके बावजूद यदि विद्यालय की नालियां साफ कराने के लिए बच्चों का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह व्यवस्था की गंभीर खामी है। अमोई पुरवा ग्राम पंचायत में पांच सफाईकर्मी तैनात हैं। शासन के निर्देशों के अनुसार प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों की नियमित साफ-सफाई उनकी जिम्मेदारी है।