मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के रायपुर पोख्ता गांव में सोमवार को पहुंची सत्यापन टीम ने गांव का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय धोबही में आयोजित चौपाल के दौरान एक-एक बिंदुओं पर ग्राम प्रधान से विकास कार्यों के बारे में पूछताछ की। इसके बाद ग्राम पंचायत का भ्रमण कर विकास की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
उप संयुक्त निदेशिका प्रवीणा चौधरी ने वर्ष 2017-18 के जीपीडीपी प्लान, निगरानी समितियों से गांव में चलाए गए स्वच्छता अभियान, कूड़ा निस्तारण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से उठाए गए कदम, जैविक खाद व सोख्ता गड्ढा आदि के बारे में पूछताछ की। इसके अलावा गांव का भ्रमण कर ग्राम पंचायत की ओर से कराए गए एक-एक विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी श्वेतांक सिंह के प्रयास व ग्राम प्रधान हरिश्चंद शुक्ल व ग्राम पंचायत अधिकारी अक्षैवरनाथ यादव के कार्यों की प्रशंसा की। ग्राम प्रधान रायपुर पोख्ता हरिश्चंद शुक्ल को वर्ष 2019-20 में मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत नवाजा गया था। अच्छे कार्यों को देखते हुए ग्राम पंचायत के विकास के लिए आठ लाख रुपये प्रदान किए गए थे। इस दौरान डीडी पंचायत एके शाही, बीडीओ सिटी श्वेतांक सिंह, डीसी विनोद श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार सिंह, बीसी विभा बिंद, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, कौशलेंद्र राय व रामसागर उर्फ बंशी शुक्ल मौजूद रहे।