एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के बढ़ते खतरे के प्रति लोगों को जागरूक के लिए आयोजित प्रतियोगिता में व
- फोटो : doda news
मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के तहत 21 और 23 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के बढ़ते खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करना और एंटीबायोटिक दवाओं के उचित उपयोग को बढ़ावा देना था।
मेडिकल छात्र-छात्राओं के लिए पोस्टर प्रस्तुति और फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने एंटीबायोटिक दवाओं के उचित उपयोग, संक्रमण नियंत्रण और वन हेल्थ की अवधारणा पर अपनी रचनात्मकता दिखाई। सोमवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों को बिना चिकित्सकीय परामर्श एंटीबायोटिक दवाएं लेने, अनावश्यक सेवन और दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार सिंह ने वन हेल्थ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा है। एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन किशोर ने भी एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और जनजागरूकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आकांक्षा दुबे, सहायक आचार्य डॉ. अक्षय कुमार और डॉ. हर्षिता यादव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। डॉ. आकांक्षा दुबे ने संक्रमण नियंत्रण और एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की रोकथाम के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर डाॅ. दुर्गेश सिंह, डाॅ. पंकज पांडेय आदि रहे।