अहरौरा। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मुख्यमार्ग पर बरबकपुर गांव के पास रविवार की भोर में युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरबकपुर गेट के पास रविवार की भोर में चार बजे स्थानीय लोगों को सड़क पर लावारिस हालत में एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की छानबीन करना शुरू किया। हादसे के कारण का पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार मृतक अर्द्धविक्षिप्त युवक है। जो इलाके मे कई दिनों से लावारिस हालत में घूमते-फिरते देखा गया है। भोर मे सड़क पर किसी वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। शव की शिनाख्त कराने के साथ वाहन का पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।