राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरी इंदिरा नगर के पास अनियंत्रित कार परचून की गुमटी में घुस गई। हादसे में गुमटी पर सामान लेने आई दादी-पौत्री की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार चार युवक समेत हादसे मेें सात लोग घायल हो गए। इसमें एक बालक की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां से सभी को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। दादी-पौत्री के मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
इंदिरानगर बाजार में अशोक और राजेश की गुमटी में किराने की दुकान है। दुकान पर 50 वर्षीय इंद्रावती पत्नी फेकू कोल आपने पौत्र तीन वर्षीय दीपक और पौत्री पांच वर्षीय अंजलि के साथ सामान लेने आई थी। कार सवार चार लोग चुनार से अपने घर जा रहे थे। मड़िहान के इंदिरा नगर बाजार के पास कार की स्टियरिंग फेल हो गई। कार अनियंत्रित होकर गुमटी में जा घुसी। कार घुसकर पलट गई। इससे दुकान पर सामन लेने आई इंद्रावती और उसके पौत्री अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन वर्षीय दीपक पुत्र लक्ष्मण, दुकानदार 35 वर्षीय अशोक और 40 वर्षीय राजेश, कार सवार सौरभ श्रीवास्तव पुत्र राजेश, मोनू सिंह पुत्र वकील, मंजीत पांडेय पुत्र वीरेंद्र निवासी करौंदा थाना मड़िहान और कुलदीप सिंह पुत्र मुन्ना सिंह निवासी खमरिया थाना अहरौरा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर चौकी प्रभारी योगेंद्र यादव, मड़िहान थानाध्यक्ष राजीव सिंह मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी ले गए। वहां से सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीन वर्षीय दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर एएसपी नक्सल और सीओ आपरेशन हीतेंद्र कृष्ण मौके पर पहुंचे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।