राजगढ़ के लूसा गांव में बकरी चोरी के बाद खेत में लगी भीड़। स्रोत- संवाद
भावां। पूरे जिले में अभियान चलाकर पुलिस ने मुठभेड़ में छह तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके बाद भी पशु तस्करी और चोरी नहीं रुक रही है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के लूसा गांव निवासी पशुपालक के बाड़े से बृहस्पतिवार की रात चोर 50 बकरियों को उठा ले गए। बाद में पांच बकरियों की मौत के बाद पास के खेत में फेंका। शुक्रवार की सुबह जानकारी होते ही परिजनों ने राजगढ़ थाना में तहरीर देकर पशुओं को बरामद करने की मांग की। गांव निवासी पशुपालक भागीरथी बिंद ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 50 बकरियों को लेकर जंगल चराने गए थे। देर शाम उनको लाकर बाड़े में अंदर कर दरवाजा बंद कर दिए। रात के नौ बजे तक आग जलाकर परिवार के साथ अलाव तापते रहे। बगल में ही पक्के मकान में बड़ा पुत्र राजेश, बहू सीमा और नाती धर्मेंद्र व अरविंद रहते हैं। वह 200 मीटर दूर स्थित घर पर सोने चला गया। छोटा पुत्र राजेंद्र बिंद टमाटर के खेत पर रखवाली करने के लिए चला गया था। पत्नी मीना साथ में ही घर पर ही थी। देर रात सुनसान देख बाड़े के पास पहुंचे चोरों ने बकरियों के मुंह पर कपड़ा बांधकर उठा ले गए। मामले की जानकारी शुक्रवार की सुबह तब हुई जब बड़ा पुत्र राजेश घर के बाहर शौच के लिए निकला था। देखा कि बगल के सरसों के खेत में पांच बकरियां मरी पड़ी है। उनके मुंह पर कपड़ा बंधा था। वहां से दौड़कर अपने पशुओं को देखने पहुंचा। खाली पड़े बाड़े को देख मामले की जानकारी दी।
पुलिस जांच करने पहुंची। साढ़े चार लाख की बकरियों की चोरी हुई है। राजगढ़ थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि चोरी मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर चोरी का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा।