जिले के अलग-अलग स्थानों पर रविवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से दो वृद्ध महिलाओं की मौत हो गई। चुनार कोतवाली क्षेत्र के बरेहठा गांव में रविवार की सुबह अप लाइन पर एक वृद्धा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, जिगना थाना क्षेत्र के राजमन बघौरा गांव के सामने रविवार की दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे लाइन पार कर रही वृद्धा की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
चुनार कोतवाली क्षेत्र के बरेहठा गांव निवासी पनपत्ती देवी (70) पत्नी स्व. वंश नरायण सुबह साढ़े पांच बजे घर से शौच के लिए रेलवे लाइन की ओर गई थी। रेलवे लाइन पार करते समय अप लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने वृद्धा का शव देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कजरहट चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्धा की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
दूसरी ओर प्रयागराज मेजा थाना क्षेत्र के छतवा गांव निवासी मैनी (65) पत्नी प्रभूनाथ निषाद शनिवार को अपने बहन के घर जिगना थाना क्षेत्र के देवरी गांव में राजबली के यहां शादी में शामिल होने आई थी। रविवार की सुबह घर वापस जाने के लिए पाली सड़क पर सवारी वाहन पर बैठने आ रही थी। रास्ते में भूमिगत पुल में पानी होने के कारण ऊपर से ही रेलवे लाइन पार कर रही थी। इस बीच अप लाइन पर हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से मैनी देवी की मौत हो गई। उनका शव क्षत-विक्षत हो गया। लोगों ने घटना की सूचना जिगना पुलिस व जीआरपी को दिया। महिला के पर्स मे रखे मोबाइल नंबर से पहचान होने पर उसके रिश्तेदार व घर के लोग पहुंच गए। पति प्रभूनाथ ने बताया कि मैनी को कान से कुछ कम सुनाई देता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।