मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने छह माह पूर्व बेलहरा मोड़ के पास पूर्व प्रधान की हत्या मामले में फरार 25 हजार के दो इनामिया को मंगलवार को गिरफ्तार किया। हत्या में शामिल नौ आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दो मुख्य आरोपितों की अवैध संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी है।
बरकछा चौकी क्षेत्र अंतर्गत बेलहरा मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवारों द्वारा राजेश यादव निवासी हरदी खुर्द थाना मडि़हान की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पूर्व में मुकदमा दर्ज कर देहात कोतवाली पुलिस ने नौ आरोपितों को जेल भेजा। फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगी थी। देहात कोतवाल विजय कुमार चौरसिया द्वारा प्रभारी स्वॉट रामस्वरूप वर्मा ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आमघाट रेलवे क्रासिंग के पास से दो आरोपितों को पकड़ा। इसमें अमन सिंह पुत्र राजेश सिंह व अर्पित सिंह पुत्र चिंता सिंह निवासी मोरहू थाना सोरांव (हाल थाना फाफामऊ) जनपद प्रयागराज है। जिनके द्वारा रॉबिन सिंह के साथ मिलकर शूटरों का अपाचे बाइक और असलहा मुहैया कराया गया था। राबिन सिंह जेल में बंद है। एसपी ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।