खुले में शौच मुक्त अभियान कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रधानों के खिलाफ डीएम कंचन वर्मा ने सख्त रवैया अपना लिया है। डीएम ने दो प्रधानों का खाता सीज करते हुए 11 को नोटिस जारी किया है। वहीं दो सेक्रेटरी को निलंबित किया गया है।
जिला पंचायतराज अधिकारी बालेशधर द्विवेदी ने जिलाधिकारी के आदेश पर मझवां ब्लॉक के सरावां गांव के प्रधान बृजलाल तथा कोन के सागरपुर गांव के प्रधान रामजीत का अधिकार सीज करते हुए एफआईआर दर्ज कराया। साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी सरावा को निलंबित कर दिया। इसी प्रकार सागरपुर ग्राम विकास अधिकारी के निलंबन के लिये जिला विकास अधिकारी को पत्र भेजा।
डीपीआरओ ने बताया कि शौचालय मानक के अनुरूप नही बनाये जाने तथा हैंडपंप के पास शौचालय का गढ्ढा खोदने के आरोप में कोन के दलापटटी, अनुरूद्धपुर पूरबपट्टी, गोबरदहा, चेकसारी, बल्लीपरवा, जगापट्टी, विशनुपट्टी, चिन्दलिख एवं पुरजागीर तथा मझवा ब्लॉक के गडौली, पहाड़ी के तहत सिंधौरा तथा छानबे के तिलयी महुआर के ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी के विरूद्ध नोटिस भेजा है। शौचालय का निर्माण मानक के अनुरूप बनवाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि मानक में सुधान नही किया जाता है तो एफआईआर दर्ज कर कडी कार्रवाई की जाएगी।