मिर्जापुर। वैवाहिक वेबसाइट पर ऑनलाइन संपर्क कर शादी करने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाले दो नाइजीरियाई नागरिकों को परिक्षेत्रीय क्षेत्रीय साइबर क्राइम पुलिस न्यायालय से वारंट बी बनवाकर दिल्ली के तिहाड़ जेल से यहां लेकर आई। दोनों से सोनभद्र से जुड़े ठगी के मामले में पूछताछ के बाद परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम पुलिस ने दोनों को मिर्जापुर में न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया। इन दोनों को दिल्ली पुलिस ने अन्य मामले में गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया था।
सोनभद्र निवासी एक युवती ने जीवन साथी डाट काम पर सुमित शर्मा निवासी अमृतसर पंजाब की आईडी वाले युवक से संपर्क किया। युवती ने शादी के लिए अपना व्हाट्सएप नंबर देकर संपर्क स्थापित किया। दोनों नाइजीरियाई नागरिकों ने खुद को कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से डिग्री प्राप्त करने के बाद यूके में नौकरी करने की बात बताई। शादी करने के लिए भारत वापस आते समय एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारी द्वारा पकड़े जाने पर पाउंड को रुपयों में बदलने के नाम पर युवती से एक लाख 93 हजार 900 ऑनलाइन फर्जी खाते में ट्रांसफर करा लिया।
इस मामले में पीड़िता ने परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाने में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। परिक्षेत्रीय थाना प्रभारी श्याम बहादुर यादव, उप निरीक्षक आशुतोष राय व कांस्टेबल विनय कुमार यादव मामले की जांच पड़ताल कर रहे थे। परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाना प्रभारी श्याम बहादुर यादव ने बताया कि छानबीन में पता चला कि वैवाहिक वेबसाइट पर शादी के लिए संपर्क स्थापित करने वाले दोनों आरोपी नाइजीरिया (अफ्रीका) के निवासी हैं। उन्हें दिल्ली पुलिस ने शादी के नाम पर चार लाख रुपये ठगी करने के अन्य मामले में ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया था। इन दोनों ने कई लोगों से शादी के नाम पर ठगी की है।
दिल्ली पुलिस ने उनके पास से बरामद सामान में सोनभद्र संबंधी मामले में साक्ष्य होने की बात परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाना मिर्जापुर को बताई। इसके बाद परिक्षेत्रीय साइबर थाने की पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिर्जापुर के न्यायालय से वारंट बी बनवाकर तिहाड़ जेल में प्रस्तुत किया। इसके बाद परिक्षेत्रीय साइबर थाने की पुलिस दोनों को कस्टडी में लेकर यहां ले आने के बाद सोनभद्र मामले में पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों एलेक्स निवासी बेन सिटी व इबेह उर्फ फ्रैंक को मंगलवार को मिर्जापुर जेल भेज दिया।
परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाना प्रभारी श्याम बहादुर यादव ने बताया कि दोनों आरोपी एलेक्स और फ्रैंक को दिल्ली पुलिस ने ठगी के एक मामले में पहले से गिरफ्तार किया था। दोनों सोनभद्र मामले में मिर्जापुर जेल में बंद हैं। दिल्ली मामले में एलेक्स को जमानत मिली है तो वह मिर्जापुर जेल ही बंद रहेगा। यहां सोनभद्र मामले में उसकी सुनवाई होती रहेगी। फ्रैंक को दिल्ली मामले में जमानत नहीं मिली है तो दिल्ली पुलिस उसे वापस तिहाड़ जेल ले गई है। जहां उस मामले में जमानत होने तक वह तिहाड़ जेल में रहेगा। वहां जमानत मिलने के बाद सोनभद्र मामले में मिर्जापुर जेल में आ जाएगा।