मिर्जापुर। एक ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली तेल बेचने के मामले में लालगंज पुलिस ने भी दो आरोपियों को शनिवार को जेल भेज दिया। शुक्रवार को कटरा कोतवाली ने दो और शहर कोतवाली ने एक आरोपी को नकली तेल बेचने के मामले में जेल भेज दिया था।
लालगंज पुलिस तेल इस मामले में अपने क्षेत्र से किसी के पकड़े जाने से इंकार करती रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद आखिरकार लालगंज पुलिस ने भी शनिवार को दो आरोपियों को जेल भेज दिया। पश्चिम बंगाल के दक्षिण चौबीस परगना जिले के कुलपी थाना क्षेत्र के जामतला निवासी गोपी किशोर बेरा ने कटरा कोतवाली पुलिस को बताया कि वे एक ब्रांडेड कंपनी की जांच टीम के अधिकारी हैं। उन्हें सूचना मिली है कि जिले में कंपनी के नाम से नकली तेल बेचा जा रहा है। इसके बाद कटरा कोतवाली, शहर कोतवाली और लालगंज पुलिस ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नकली तेल बेचने के आरोपियों पर कार्रवाई की। कटरा कोतवाली पुलिस ने दो और शहर कोतवाली पुलिस ने नकली तेल बेचने के आरोप में एक आरोपी को जेल भेज दिया, परंतु लालगंज थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव अपने थाना क्षेत्र में किसी के पकड़े जाने से इंकार करते रहे। इस बीच लालगंज पुलिस ने भी शनिवार को नकली तेल बेचने के मामले में दो आरोपियोें को गिरफ्तार किया। प्रभारी थानाध्यक्ष बजरंग बली चौबे ने बताया कि उप निरीक्षक अनिलेश कुमार द्विवेदी व उप निरीक्षक सुरेश सिंह कुशवाहा ने टीम के साथ लालगंज कस्बा में स्थित दुकान में दबिश देकर जांच की। एक दुकान से 15-15 लीटर के दो डिब्बों में भरे तेल तथा दूसरे दुकान से 15 लीटर के तीन डिब्बे में भरे तेल बरामद हुई। दो आरोपियों लवकुश केशरवानी तथा विवेक केशरवानी को गिरफ्तार किया गया है।