पड़री। पुलिस थाना से महज एक किलोमीटर दूर स्थित टेढ़ा गांव में शनिवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर में रखी बाइक, टीवी, कपड़ा, आभूषण सहित कुल दो लाख का सामान चुरा ले गए। रविवार की सुबह पीड़ित के साले ने घर का बिजली का तार कटा देखा तो घर के पास पहुंचा। ताला टूटा देखकर सूचना जीजा और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई।
टेढ़ा गांव निवासी रमेश सिंह मूल रूप से जिगना थाना के वैशपुर गांव के निवासी हैं। हरियाणा के किसी पेपर मिल में काम करते हैं। लाक डाउन के कारण रमेश सिंह अपने परिवार के साथ हरियाणा में ही फंसे हैं। इधर चोरों ने उनके घर को सुनसान पाकर शनिवार की रात खिड़की को आरी से काटकर घर में प्रवेश किया। चार कमरों को ताला तोड़कर पांच बक्सा, तीन अटैची, आलमारी तोड़कर उसमें रखो सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। इसके अलावा एक बाइक भी चुरा ले गए। चोरों ने बिजली का तार काट दिया था ताकि किसी को भनक न लगे। रविवार की सुबह उनके साले बंशीधर तार कटा देखकर घर में गए तो देखा कि घर में चोरी हुई है। उन्होंने अपने जीजा को फोन कर सूचना देने के बाद पड़री थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया।
स्कूल में भी चोरी का प्रयास
पड़री। क्षेत्र के टेढ़ा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय को भी चोरों ने चोरी करने की कोशिश की। यह जानकारी देते हुए पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल दास व प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने बताया कि विद्यालय की गेट में लगे ताले को तोड़कर चोरों ने चोरी का प्रयास किया। खाद्यान्न आदि सामान लाकर में रखा था, इसलिए सामान नहीं ले जा सके। चोरों ने विद्यालय के गेट और अंदर रखी आलमारी को तोड़ा है। थाने में चोरी किए जाने की तहरीर दिया।