कछवां। थाना क्षेत्र के मझवां गांव में शनिवार की रात को चोरों ने दो घरों से नगदी-आभूषण सहित दो लाख की चोरी की। सुबह चोरी की जानकारी होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
शनिवार को मझवां गांव निवासी रामा दलित पुत्र स्व. छोटेलाल व बबलू मौर्या पुत्र स्व. कल्लू मौर्या के घर चोरों ने दरवाजे की कुंडी काटकर बक्से में रखा आभूषण, पीतल का हंडा, परात समेत 15 रुपये हजार नगदी चुरा लिए। जब सुबह घर के लोग उठे तो घर के कमरें की कुंडी कटा देखा। कमरे में गए तो सामान देख लोगों के होश उड़ गए। चोरों ने रामा के घर के बाद उसके बगल स्थित घर में ताला तोड़ा। चोरों ने अलमारी में रखे 35 हजार रुपये नगद व गहने चोरी किए। दोनों घरों से करीब दो लाख का सामान चोरी हुआ है। सुबह दोनों मकानों के ताला टूटा देख पड़ोसियों ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। दोनों पीड़ितों के द्वारा कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि चोरों ने दो घरों के ताले तोड़ चोरी की है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।