अदलहाट (मिर्जापुर)। कौड़ियाकला गांव के पास मंगलवार की सुबह पैदल जा रहे अधेड़ को चपेट में लेने के बाद कार पलट गई। हादसे में कार सवार किशोरी की मौत हो गई और उसके पिता तथा भाई घायल हो गए। जबकि ट्रक से कुचलकर अधेड़ की भी मौत हो गई।
अदलहाट के घुरहूपुर निवासी संतोष अहरौरा थाना क्षेत्र के बरबकपुर गांव से कार से पुत्र श्लोक (15) और पुत्री काजल (17) के साथ घर आ रहे थे। रास्ते में क्षेत्र के कौड़ियाकला के पास पैदल जा रहे कैलाश चौहान (40) निवासी कौड़ियाकला को टक्कर मारने के बाद कार पलट गई। इस दौरान सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आने से कैलाश की मौत हो गई। जबकि कार सवार संतोष, श्लोक और काजल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना पर अदलहाट पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजवाया। वहां से उनको ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन, रास्ते में काजल की मौत हो गई। घायल पिता-पुत्र का ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।