मिर्जापुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए अब मतदान होना तय हो गया है। मंगलवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि थी। समय समाप्त होने तक किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। ऐसे में सपा और भाजपा के प्रत्याशी चुनाव में मैदान में हैं और उनमें सीधी टक्कर होनी तय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए जिले में 44 सदस्यों को निर्वाचन करना है। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मात्र दो ही प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इसमें से किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया। इससे मतदान तय हो गया है। भाजपा व सपा प्रत्याशी मैदान में आमने सामने हैं। भाजपा की सदस्यता लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशी राजू कन्नौजिया पूर्व एमएलसी का विश्वासपात्र बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर सपा प्रत्याशी को लेकर समाजवादी पार्टी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। सपा के प्रत्याशी के तौर पर आशा गौतम ने नामांकन किया है। दोनों ही पार्टियां जिला पंचायत सदस्यों के पर्याप्त संख्या बल का दावा कर रही हैं। एडीएम यूपी सिंह ने बताया कि नाम वापसी का समय समाप्त हो गया है। किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है।