विकास खंड लालगंज के खरिहट गांव में लू लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। जिले में गर्मी जानलेवा हो गई है। दिन ब दिन पारे की उछाल से लोग सहम गए हैं। तमाम अभिभावकों ने अपने बच्चाें को धूप में घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है।
खरिहट गांव निवासी द्वारिका कोल का पांच वर्षीय पुत्र राजीव कोल दो दिन पूर्व लू लगने से बीमार हो गया था। राजू के बीमार होने की जानकारी होने पर परिवार के लोगाें ने क्षेत्र के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान बुधवार की शाम राजू ने दम तोड़ दिया।
इसी तरह चार दिन पूर्व इसी गांव के हिंछलाल कोल के आठ वर्षीय पुत्र शुभम को भी लू लग गई थी। इससे उसको पास के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणाें ने कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही से गांववासियाें को पानी लेने के लिए एक किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। गांव में लगे पांच हैंडपंप में तीन खराब है इससे उनको दूसरे पूरवे में जाकर पानी लाना पड़ रहा है, जिससे आए दिन कोई न कोई लू की चपेट में आकर बीमार हो रहा है।