मिर्जापुर। वाराणसी से बोलेरो बुक कर चील्ह थाना क्षेत्र में लूट लेने के आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार की रात को हनुमान मंदिर टेढ़वा के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया। मामले का खुलासा एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में किया।
पुनीत त्रिपाठी निवासी यशोदा नगर नौबस्ता मूल रूप से कानपुर नगर का निवासी है। वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर लक्ष्मीनगर में कई वर्षों से रहकर नमकीन का व्यवसाय करता है। कुछ दिन पूर्व उसने बाबतपुर से एक बोलेरो बुक की। गोपीगंज जाते समय चील्ह थाना क्षेत्र में बोलेरो चालक का हाथ-पैर बांध कर उसे सड़क किनारे फेंक कर बोलेरो लूट ली गई। सूचना पर पहुंची चील्ह पुलिस ने चालक से पूछताछ की। इसके बाद बड़ागांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मंगलवार की रात को चील्ह पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर मिली सूचना पर पुरजागीर की ओर से आने वाले वाहनों की प्रतीक्षा करने लगी। कुछ देर बाद एक सफेद रंग की बोलेरो आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। दोनों ने बताया कि बोलेरो और बाइक चोरी की है। जिसे बेचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर जा रहे थे। पुुलिस ने गिरफ्तार पुनित त्रिपाठी और दीपेंद्र श्रीवास्तव निवासी कानुपर नगर, हालपता भुल्लनपुर रोहनिया वाराणसी को जेल भेज दिया। दोनों के पास से लूट की बोलेरो और चोरी की बाइक के साथ तमंचा और कारतूस बरामद किया।