लालगंज। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-रीवां राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित राजापुर पेट्रोल पंप के पास रविवार की रात 11 बजे एक प्याज लदे ट्रक ने दो खड़े ट्रकों में टक्कर मार दी। हादसे में दो ट्रक पलट गए। उस पर लदा प्याज व फ्रूटी सड़क पर बिखर गया। दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। उनको अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण एक लेन पर एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ट्रकों को क्रेन की मदद से हटवाया। तब आवागमन बहाल हुआ।
लालगंज की ओर से आ रहे प्याज लदे ट्रक ने राजापुर पेट्रोल पंप के पास खड़े फ्रूटी और सीमेंट लदे ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे मेें प्याज और फ्रूटी लदे ट्रक पलट गए। सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद भीड़ लग गई। कुछ लोग प्याज और फ्रूटी लेकर जाने लगे। तब तक लहंगपुर चौकी प्रभारी विजय कुमार राय पहुंचे। हादसे में घायल प्याज लदे ट्रक के चालक रमजान खान (33) निवासी महेशपुर ड्रमंडगंज और फ्रूटी लदे ट्रक के चालक अर्धेंदु (45) निवासी निदनापुर रामनगर पश्चिम बंगाल को अस्पताल भिजवाया। सीमेंट लदे ट्रक के चालक छत्रपाल सिंह निवासी मैहर, मध्य प्रदेश बाल-बाल बच गए। ट्रक पलटने से एक लेन पर आवागमन बाधित हो गया। क्रेन की मदद से एक घंटे बाद दोनों ट्रकाें को हटाकर आवागमन बहाल कराया गया। चालक रमजान खान ने बताया कि एक छोटी गाड़ी को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।