मिर्जापुर-रीवां रोड स्थित करनपुर पहाड़ी के नीचे गिरा वाहन। अमर उजाला
सोनभद्र से गिट्टी लोड कर वाराणसी की ओर जा रहा एक ट्रक सोमवार की सुबह छह बजे अनियंत्रित होकर अहरौरा थाना क्षेत्र के हनुमान घाटी से सैकड़ों फीट नीचे खाई में गिर पड़ा। जिसमें चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि खलासी घायल हो गया। सूचना पर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं खलासी को बाहर निकलवा कर सीएचसी अहरौरा भेजा।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद खलासी को बनारस रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि ट्रक में दो लोग और सवार थे, जिनका समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल सका था।
अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित हनुमानघाटी के पास सोमवार की सुबह छह बजे गिट्टी लोड कर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सैकड़ाें फीट गहरे खाई में गिर गया। जिससे ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि खलासी पिंटू 30 वर्ष पुत्र सियाराम निवासी रोहतास बिहार गंभीर रूप से घायल हो गया। खलासी के अनुसार ट्रक में एक दो लोग और सवार थे। जिनका अभी तक पता नहीं चल सका है। खबर लिखे जाने तक पुलिस खाई में दबे अन्य लोगों का पता नहीं लगा पाई थी। साथ ही अज्ञात चालक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि खलासी बुरी तरह घायल है और वह चालक का नाम भी बताने की स्थिति में नही है।