तहसील मुख्यालय की बाजार के लालगंज दूबार तिराहे पर जल जीवन मिशन के मरम्मत स्थल में ट्रक धंसने से
अक्षय तृतीया पर बाजार में लगा जाम, लोग परेशान
लालगंज। दुबार तिराहे पर सोमवार सुबह सड़क धंसने से बालू लादकर जा रहा ट्रक फंस गया। इससे आवागमन ढाई घंटे आवागमन ठप रहा। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। इससे क्षेत्र में कराए जा रहे जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुबह वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे वाहन जाम में फंस गए। सुबह 10 बजे तक मार्ग बाधित रहा। हालात ऐसे बने कि छोटे-बड़े सभी वाहनों को लगभग पांच किलोमीटर चक्कर काटकर हाईवे के रास्ते आवागमन करना पड़ा। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हुई। जाम का असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा। लालगंज मंडी से हलिया, कोरांव और प्रयागराज जाने वाले सब्जी कारोबारियों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ा। इससे ताजे माल की आपूर्ति प्रभावित हुई। आर्थिक नुकसान भी हुआ। इसी मार्ग से सीएचसी, राजकीय पीजी कॉलेज, तहसील, ब्लॉक और इंटर कॉलेज जुड़े होने के कारण स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं भी प्रभावित रहीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन मरम्मत कार्य के बाद सड़क को ठीक से दुरुस्त नहीं किया गया। जिससे बार-बार सड़क धंसने की घटनाएं हो रही हैं।
चार दिन पूर्व ही जॉइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह ने प्रोजेक्ट मैनेजर को फोन कर गड्ढों की मरम्मत और सोलिंग से सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बापू उपरौध इंटरमीडिएट कॉलेज के पास बैरिकेडिंग कर बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई और यातायात को नियंत्रित किया। करीब ढाई घंटे बाद ट्रक को बाहर निकाला जा सका, तब जाकर आवागमन सामान्य हुआ।
कोट
मामले को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित विभाग को तत्काल सड़क की मरम्मत और पाइपलाइन कार्य को मानक के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महेंद्र सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट