टोल बैरियर व टीडीएस कटौती तुरंत समाप्त करने की मांग को लेकर आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस दिल्ली एवं लखनऊ के आह्वान पर एक अक्तूबर से चल रहा ट्रक मालिकों का अनिश्चित कालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। हड़ताल का समर्थन कर रहे मिर्जापुर मोटर आपरेटर एसोसिएशन के ट्रक मालिकों ने शुक्रवार को भरूहना चौराहे पर मांग पूरी न होने पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने ट्रक मालिकों से कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती है तबतक वह लोग सड़क पर अपना वाहन नहीं उतारेंगे।
लगातार दूसरे दिन ट्रक आपरेटरों की हड़ताल का असर जिले में भी रहा। अपनी मांगों को लेकर ट्रकों के पहिए जाम करने वाले ट्रक मालिकों ने मांग पूरी नहीं होने पर भरूहना चौराहे पर ट्रकों के पास प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश दूबे ऊर्फ झुंडी ने कहा कि एआईएमटी की हड़ताल का पूरा समर्थन किया जाएगा। बताया कि टोल बैरियरों पर ठेकेदारों द्वारा मनमाने तरीके से वसूली की जाती है। विरोध जताने पर कर्मचारियों द्वारा मारपीट कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा टोल नीति ना तो पारदर्शी है ना जबावदेह। टोल नीति में बहुत खामियां हैं जो समय समय पर जागरूक मीडिया वर्ल्ड बैंक इंटिग्रिटी रिपोर्ट कैग सड़क उपभोक्ता उठाते रहते हैं।
उपाध्यक्ष जसवंत सिंह सरना ने कहा कि ट्रांसपोर्ट जगत पर टीडीएस कटौती तुरंत समाप्त हो। टीडीएस प्रणाली वित्तीय एक्ट 2015 से पूर्व की ही लागू हो। ट्रकों के पहिए थमने से करोड़ों रुपये के नुकसान होने की आशंका है। वहीं खाद्य वस्तुओं पर भी इसका असर देखने को मिला। कई स्थानों पर सब्जी फल समेत अन्य सामान नहीं पहुंच सके।