पुलिस अधीक्षक ने चील्ह तिराहे से गुरुवार की शाम छह बजे जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी का चुनाव प्रचार कर रही एक स्कार्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में शराब एवं बैनर पोस्टर बरामद किया। पकड़ी गई काले रंग की स्कार्पियो के पीछे विधायक लिखा हुआ है। गाड़ी से बैनर पोस्टर तथा शराब बरामद होने पर उसे आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में कब्जे में ले लिया गया है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर एसपी अरविंद सेन गुरुवार की शाम आचार संहिता का पालन कराने के लिए गुरुवार की शाम पुलिस लाइन से जंगीरोड होते हुए नटवा तिराहे के रास्ते से गुजरने वाली वाहनों के काली फिल्म एवं लाल नीली बत्ती को चेक करने में लगे हुए थे। एसपी का काफिला जैसे ही चील्ह तिराहे पर पहुंचा तभी एक काले रंग की स्कार्पियो आते हुए दिखाई दी जिसे रोक कर चेक करने को कहा। पुलिस कर्मियों ने जैसे ही गाड़ी किनारे रुकवा कर तलाशी लेनी शुरू की तो वह लोग हैरान हो गए। देखा कि अंदर दस पेटी शराब रखी हुई है। भारी मात्रा में बैनर पोस्टर भी रखे हुए हैं। यह देखते ही पुलिस कर्मियों ने तत्काल इस मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। उन्होंने तत्काल शराब की पेटी उतरवाया तो देखा कि दस पेटी में देशी तथा एक पेटी में अंग्रेेजी शराब थी। साथ ही भारी मात्रा में बैनर पोस्टर भी थे। पूछताछ किया तो पाया कि मिर्जापुर सोनभद्र से कांग्रेस के एक पूर्व एमएलसी की गाड़ी है। जिनकी बहू कोन ब्लाक के वार्ड नंबर एक से जिला पंचायत सदस्य की चुनाव लड़ रही है। स्कार्पियो के पीछे विधायक लिखा हुआ था। जबकि गाड़ी के पीछे एमएलसी की बहू का पोस्टर लगा हुआ है। उधर गाड़ी चालक का कहना था कि वह शराब के गोदाम से शराब लेकर भोगांव स्थित शराब की दूकानों पर पहुंचाने जा रहा था। जब उससे बैनर पोस्टर के बारे में भी पूछा गया तो उसने चुप्पी साध ली।