ड्रमंडगंज। रीवां मिर्जापुर एनएच स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ के पास बृहस्पतिवार की रात नौ बजे ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर धान लदा ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक का चालक कल्लन प्रसाद पाल घायल हो गया। ट्रक पर लदी धान की बोरियां एनएच पर बिखर गईं।
विज्ञापन
लालगंज के गंगहरा गांव निवासी चालक कल्लन मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से ट्रक पर धान लादकर मिर्जापुर जा रहे थे। ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते समय बड़का मोड़ के पास अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर धान लदा ट्रक घाटी में पलट गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज जितेंद्र कुमार ने घायल चालक को बाहर निकलवाकर अस्पताल भेजा। उसके बाद पुलिस ने बिखरी धान की बोरियों को किनारे कराकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि धान लादकर आ रहे ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था। घायल चालक का उपचार कराया जा रहा है।