अहरौरा। थाना क्षेत्र के चकिया तिराहे पर बुधवार की शाम को जिवित पुत्रिका व्रत के लिए खरीददारी कर लौटते समय अधेड़ महिला को ट्रक ने रौंद दिया। जिसके चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रक चालक व खलासी को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया। चालक तथा खलासी को हिरासत मे लेकर कार्रवाई की जा रही है।
जमालपुर थाना क्षेत्र के भोकरौद गांव निवासी 55 वर्षीय लालती देवी पत्नी जवाहर लाल अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर बुधवार को अहरौरा पहुंची। रिश्तेदार के यहां मिल मिलाकर लौटते समय जिवित पुत्रिका की पूजा के लिए सामान खरीदा लौटते समय चकिया तिराहे के पास पहुंच कर बाइक से उतर गई। दुकान पर पानी पीकर सड़क के किनारे बाइक लेकर इन्तजार कर रहे बेटे के पास पहुंचने के लिए जैसे ही आगे बढ़ी कि तभी चकिया की ओर से गिट्टी लोड कर तेज गति से आ रही ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में पुत्र के सामने ही कुचल कर अधेड़ महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे चालक व खलासी को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव तथा ट्रक को कब्जे में ले लिया। परिजन भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि भीड़ भाड़ वाला इलाका होने के चलते पूर्व मे बड़े वाहनों का दिन में परिवहन पर रोक लगा दी गई थी, पर रोक हटाने से भारी वाहनों का आवागमन पुन: बहाल हो गया। जिससे हादसा हो रहा है।