वाराणसी-रीवां हाईवे स्थित तुलसी गांव के ओवरब्रिज पर खड़ी ट्रक में लगी आग। स्रोत- संवाद
लालगंज। थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत वाराणसी-रीवां हाईवे स्थित तुलसी गांव के ओवरब्रिज पर बृहस्पतिवार सुबह छह बजे धान लदी ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
हैदराबाद से वाराणसी और गोरखपुर की ओर जा रहा ट्रक ओवरब्रिज पर खड़ा था। इसी दौरान आग लग गई। आसपास के ग्रामीणों ने धुआं और लपटें उठती देख शोर मचाया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर बिग्रेड को बुलाया। फायर बिग्रेड के पहुंचने तक ट्रक आग की तेज लपटों में घिर चुका था। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ट्रक का काफी हिस्सा जल चुका था। ट्रक चालक प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना क्षेत्र निवासी एजाज अहमद ने बताया कि ट्रक में धान लदा था। इसे वाराणसी और गोरखपुर में उतारा जाना था। आग से ट्रक के टायर, बॉडी के साथ धान का कुछ हिस्सा भी जल गया। प्रारंभिक जांच में बेयरिंग या वायरिंग घिसने से आग लगने की बात सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने धान को दूसरे वाहन में उतरवाने की व्यवस्था कराई। इसके बाद क्रेन की मदद से जले ट्रक को हाईवे से हटाया गया। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।