वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की रात अनियंत्रित ट्रक हनुमान पहाड़ी से गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक और खलासी की मौत हो गई। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस शवों को निकाल सकी। ट्रक सोनभद्र के चोपन से मोरंग लेकर गाजीपुर जा रहा था।
चालक भोला यादव (35) और खलासी मनोहर यादव (30) निवासी धावा, शादियाबाद, गाजीपुर शनिवार की शाम सोनभद्र के चोपन से ट्रक पर मोरंग लादकर गाजीपुर के लिए निकले थे।
भोला रात करीब 12 बजे जैसे ही अहरौरा थानाक्षेत्र के हनुमान पहाड़ी पर पहुंचा, ट्रक अनियंत्रित होकर करीब सौ फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक के परखचे उड़ गए और भोला तथा मनोहर की मौत हो गई।
उधर से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शवों को निकाला जाने लगा। काफी मशक्कत के बाद वह एक शव निकाला गया।
रविवार की सुबह क्रेन की मदद से पुलिस ने दूसरे शव को भी बाहर निकलवाया। ट्रक मालिक और घर वालों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।