कछवां। विकासखंड मझवां कार्यालय में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस प्रशिक्षण में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक और ग्राम पंचायत सचिवों को शामिल होना था, वहां उनकी जगह सफाईकर्मियों को बैठाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मंगलवार को मझवां ब्लॉक परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण का नेतृत्व एडीओ पंचायत ऋषि गुप्ता द्वारा किया गया। शासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में ई-ग्राम स्वराज, पीएफएमएस और जेम इंटीग्रेशन जैसे विषयों की जानकारी प्रधान, पंचायत सहायकों और सचिवों को देना था, ताकि पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता बढ़ सके लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार प्रशिक्षण में सफाईकर्मी उपस्थित दिखे, जबकि कई ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक नदारद रहे। एडीओ पंचायत ऋषि गुप्ता ने बताया कि उन्हें सूचना दी गई थी। कुछ प्रधान और प्रतिनिधि आए थे।