ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बड़े मोड़ के पास मंगलवार को देर रात ब्रेक फेल होने से एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रेलर का चालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का उपचार कराया।
हरियाणा के नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय चालक इरफान ट्रेलर पर पेपर का बंडल लादकर मध्य प्रदेश की ओर से मिर्जापुर की तरफ से आ रहे थे। मंगलवार को देर रात करीब डेढ़ बजे ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते समय ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उस पर लदे पेपर के बंडल सड़क पर बिखर गए। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक मनसुख यादव ने न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज ले जाकर घायल चालक का उपचार कराया। उसके बाद पुलिस ने घाटी में बिखरे पड़े पेपर के बंडलों को समेटकर सुरक्षित सड़क के किनारे रखवा दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया हादसे की सूचना ट्रेलर के मालिक को भी दी गई है।