जिगना। थाना क्षेत्र के जिगना-कुशहा मार्ग पर शुक्रवार को देर रात सिहावल गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक को पास देने में ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की दबकर मौत हो गई।
जिगना थाना के कुशहा गांव निवासी धनेषा देवी शुक्रवार को सुबह को अपने भाई दिनेश कुमार सरोज के घर प्रयागराज जनपद के मेजा थाना क्षेत्र के नेवढि़या रामचंदरपुर गांव आई थीं। शुक्रवार को देर शाम भूसा ट्रैक्टर पर लद जाने के बाद धनेषा अपने पुत्र की बाइक से और दिनेश कुमार ट्रैक्टर लेकर साथ जा रहे थे। जिगना पहुंचने पर दिनेश कुमार ने बहन और भांजे से कहा कि पहले घर पहुंच कर जहां भूसा रखा जाएगा, वहां सफाई करा लें। वे भूसा लेकर पहुंच रहे हैं। इसके बाद मां-पुत्र घर के लिए निकल गए। घर पर साफ सफाई कर रहे थे। उधर, बहन के घर भूसा लेकर जा रहे दिनेश कुमार सरोज (30) घर से लगभग 300 मीटर पहले सिहावल तालाब के पास सामने आ रहे ट्रक को पास देने के दौरान समय ट्रैक्टर पलट जाने से उसके नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे दिनेश कुमार को बाहर निकाला। तब तक दिनेश की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर दिनेश की पत्नी सोनी देवी, पुत्र अनुराग (10) आजाद (8), बेटी परी (6) के अलावा बहन धनेषा देवी की रो-रोकर हालत खराब हो गई। दिनेश दो भाइयों में छोटे थे। अपना ट्रैक्टर चलाकर जीविकोपार्जन करते थे। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया।