मड़िहान। थाना क्षेत्र के शेरुआ गांव के पास शनिवार को सुबह हिनौता रजवाहा से युवक का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को एंबुलेंस से सीएचसी मड़िहान ले गई। जहां डॉक्टर ने भी युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी।
पटेवर गांव निवासी राम आसरे (35), अरविंद (20) और दारा (50) मजदूरी करते हैं। तीनों शुक्रवार को शाम को मजदूरी का पैसा लेने के लिए बाइक से निकले थे। देर रात शेरुआ गांव के समीप हिनौता रजवाहा पर पहुंचे थे कि बाइक नहर में चली गयी। बाइक से गिरकर तीनों घायल हो गये। गम्भीर चोट होने के कारण राम आसरे अचेत हो गया। रामआसरे को छोड़कर साथी अरविंद तथा दारा इलाज कराने बाइक से चले गए। करीब साढ़े बारह बजे सीएचसी मड़िहान में प्राथमिक उपचार के बाद अरविंद को डाॅक्टर ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। हल्की चोट के कारण दारा भी घर चला गया। उधर राम आसरे रात भर नहर में पड़ा रहा। सुबह लोगों ने घायल अवस्था में पड़ा देख पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस एंबुलेंस से उसे अस्पताल ले गई। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।