नगरीय इलाके सहित ग्राम्यांचलों में गर्मी चरम पर है। जेठ की गर्मी से धरती तप रही है। सोमवार को पारे ने ऊंचाई चढ़ी और 45 डिग्री सेेल्सियस के पार चला गया। इससे लोग बेहाल हो उठे।
कई दिनों से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास ठहरा पारा सोमवार को 45 डिग्री के निशान को पार कर गया। आसमान से आग बरसी तो लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए।
बाजारों में सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर वीरानगी छा गई। यदाकता वाहन ही आते-जाते दिखे। यह हाल शाम तक रहा। माना जा रहा है कि जून माह में लोगों को अभी और गर्मी का कहर झेलना पड़ सकता है। जेठ में धरती तप रही है, जिसके कारण लोगों का हाल बेहाल है।
लू के थपेड़ों से लोगों का राह चलना भी मुश्किल हो गया है। नगर क्षेत्र में तो लगन के चलते कुछ चहल-पहल भी दिखाई दी, लेकिन जनपद के ग्रामीण अंचलों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा।
गर्मी का फायदा सीजनल कारोबारी खूब उठा रहे हैं। तपिश में हलक की प्यास बुझाने के लिए शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर ग्राहक डटे रहे, वहीं बाजारों में मौसमी फलों की बिक्री भी जोरों पर रही। गर्मी का प्रभाव सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों पर दिखा।
रेलवे स्टेशन व बस स्टैंडों पर यात्रियों की संख्या काफी कम रही।