विभागीय लापरवाही के चलते नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से नगरवासी परेशान हो रहे हैं।
सड़कों व बाजारों में अतिक्रमण किए जाने से सड़कें सिकुड़ती चली जा रही हैं, जो जाम लगने का एक प्रमुख कारण है, वहीं सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहनों के खड़े करने और छुट्टा मवेशियों पर अंकुश नहीं लगाए जाने से लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ता है।
सुविधा शुल्क लेकर नो इंट्री में बड़े वाहनों को धड़ल्ले से प्रवेश कराया जा रहा है, जिसके कारण नगर के प्रमुख चौराहों पर जाम लगना आम बात हो गई है।
नगर के गिरधर का चौराहा सहित रमईपट्टी, गुड़हट्टी चौराहा, संकटमोचन से जिला अस्पताल, तहसील चौराहा, मुकेरी बाजार, संगमोहाल, टटहाई रोड, तेलियागंज, त्रिमोहानी, बसनही बाजार, इमामबाड़ा सहित कई अन्य बाजारों में रोजाना जाम लगने से रोजाना नगरवासियों को भीषण जाम से जूझना पड़ता है।
जाम लगने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों व बीमारजन को होती है, बावजूद इसके महकमा बेपरवाह बना हुआ है।