मिर्जापुर। बजट के अभाव में जिले में सामुदायिक शौचालय निर्माण अधर में पड़ा हुआ है। ग्राम पंचायत बजट का इंतजार कर रही हैं। जिले में 809 ग्राम ग्राम पंचायत के लिए आवंटित 90 शौचालय भले ही पूर्ण स्थिति में बताए जा रहे हो पर सिटी, पहाड़ी, कोन, मझवां, सीखड़, जमालपुर समेत अन्य विकास खंडो में 260 छत स्तर तक, 308 लिंथ स्तर व 97 नींव स्तर तक ही सिमट कर रह गए हैं।
बजट के अभाव में अधिकांश शौचालयों के निर्माण कार्य अधर में पड़े हुए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले के बारहो विकास खंड में हुए शौचालय निर्माण पर गौर करें तो जिले में अबतक कुल 287902 शौचालय निर्माण कराया गया है। जिसमें एसबीएम के 205537, एलओबी से 72769 व एनओएलबी के 9596 शौचालय बनवाए गए हैं। इतनी संख्या में शौचालय आवंटन के बाद भले ही विभाग ग्राम पंचायतो को खुले में शौच मुक्त घोषित कर अपना पीठ थपथपा रहा है पर अधिकांश ग्राम पंचायतो में आज भी कई गरीब परिवारें शौचालय के अभाव में बाहर का रुख करने को विवश हैं। डीपीआरओ अरविंद कुमार ने बताया कि जिले में बजट की कोई कमी नहीं हैं। सामुदायिक शौचालय निर्माण तेजी से चल रहे है। यदि कहीं धन का अभाव है तो 15 वें वित्त के धनराशि का उपयोग कर ग्राम पंचायते सामुदायिक शौचालय निर्माण करा सकती हैं।