Mirzapur News: पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी कुछ केंद्रों पर बायोमेट्रिक सिस्टम सही तरीके से न चलने की वजह से अभ्यर्थियों को परेशान होना पड़ा। वहीं, गणित के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा।
विश्वविद्यालयों में स्नातक में दाखिले के लिए कराई जाने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के दूसरे दिन गुरुवार को 74 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा कराई गई। दो पाली में गणित और विज्ञान वर्ग के लिए हुई परीक्षा में पंजीकृत करीब 34 हजार अभ्यर्थियों में से तीन हजार से अधिक ने परीक्षा छोड़ दी।
विज्ञापन
केंद्रीय विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए की ओर से सीयूईटी कराया जा रहा है। इसके तहत 15 से 18 मई तक देश के अलग-अलग शहरों में बने केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा करवाई जा रही है। पहले दिन 15 मई को जिले में करीब 36 हजार ने परीक्षा दी थी।
गुरुवार को हुई परीक्षा में वाराणसी के साथ ही आसपास के जिलों से आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा छूटने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों के अनुसार गणित के सवाल थोड़े टफ रहे, इस वजह से सवालों को हल करने में थोड़ा समय लग गया। उनका कहना था कि बायोमेट्रिक सिस्टम के सही न चलने की वजह से थोड़ी परेशानी हुई।