पुलिस के गिरफ्त में तीनों आरोपी और बरामद मादक पदार्थ
- फोटो : अमर उजाला
कछवां पुलिस और सर्विलांस की टीम ने बृहस्पतिवार को भैंसा नहर तिराहे से मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में बाइक सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पांच करोड़ रुपये का मादक पदार्थ (एमडीएमए) बरामद किया। आरोपियों ने मादक पदार्थ को जनपद भदोही-जौनपुर की सीमा पर एक व्यक्ति से खरीदा था। उसे वाराणसी में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए जा रहे थे। एमडीएमए का प्रयोग रेव पार्टी और नाइट क्लबों में लोग नशे के लिए करते हैं।
क्या है पूरा मामला
एएसपी नितेश सिंह ने बताया कि प्रशिक्षु आईपीएस और कछवां थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष कनिष्क आर जमकर ने बृहस्पतिवार को कछवां के भैंसा नहर तिराहे से कछवां के बरैनी निवासी इंद्रेश कुमार सिंह उर्फ बुल्ला, विनीत सिंह उर्फ विकास सिंह, व अमित कुमार सिंह उर्फ सिपाही निवासी ग्राम बरैनी थाना कछवां को गिरफ्तार किया। उनके पास से 1. 170 किलो अवैध मादक पदार्थ (एमडीएमए), चार मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद किए।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कागजात प्रस्तुत न करने पर बाइक को भी सीज कर दिया गया है। बताया कि जिले में गांजा, हेरोइन की ब्रिकी, अफीम की खेती करके तस्करी करने वाले पकड़े गए हैं। पहली बार एमडीएमए पकड़ा गया है। जिले में एमडीएमए का प्रयोग तो नहीं होता है। एएसपी सिटी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। पता किया जा रहा है कि इस मादक पदार्थ को किससे लेकर आ रहे थे।
एमडीएमए को वाराणसी लेकर जा रहे थे। इसका भी पता लगाया जाएगा कि वहां पर किस क्लब, स्थान या पार्टी में इसकी खपत होने जा रही थी। मेडिकल काॅलेज के सहायक आचाार्य डाॅ. पंकज पांडेय ने बताया कि एमडीएमए (मेथिलीन डाइऑक्सीमेथैम्फेटामाइन) एक अवैध दवा है। जो उत्साह, खुशी का तीव्र अनुभव देती है। यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करने वाला पदार्थ है। जो डोपामाइन के उच्च स्तर को बढ़ाता है। डोपामाइन मस्तिष्क का एक रासायनिक पदार्थ है जो आनंद से जुड़ा होता है। इस मादक पदार्थ का प्रयोग लोग पार्टियों व क्लबों में करते है।