मिर्जापुर/पड़री। शासन के निर्देश पर बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को नगर में एक और पहाड़ी में ब्लॉक में ऐसे दो विद्यालयों को बंद कराया।
खंड शिक्षाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने नगर के लालडिग्गी स्थित एसएन पब्लिक स्कूल को बंद कराया। इस विद्यालय में 54 बच्चे पंजीकृत है। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि विद्यालय संचालक पहले नोटिस दिया गया था लेकिन न तो जवाब दिया गया और न मान्यता ली गई। इसलिए विद्यालय को बंद करा दिया गया।
इसी प्रकार पहाड़ी ब्लॉक के बीईओ फराह रईस ने भरपुरा गांव में बिना मान्यता के चल रहे रंजना शिक्षा बाल निकेतन जूनियर हाईस्कूल और शिवाजी बाल शिक्षा निकेतन को बंद करा दिया। बीईओ ने बताया कि दोनों विद्यालय बिना मान्यता के चल रहे थे। बीईओ ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का दाखिला मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं।