अदलहाट। थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच दिन पहले लापता हुई तीन सगी बहनों का पता न लगने पर बुधवार को पिता ने थाने में तहरीर दी। तीनों के पांच दिन से लापता होने की सूचना पर पुलिस भी सकते में आ गई। पुलिस तीनों की खोजबीन में लगी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की तीनों लड़कियां 14 नवंबर को घर से नरायनपुर दवा लेने जाने की बात कह कर निकली थीं। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। घर वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास के रिश्तेदारों, परिचितों और उनकी सहेलियों के यहां खोजबीन की, पर उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पिता ने बुधवार को अदलहाट थाने में तीनों बेटियों के लापता होने की तहरीर दी। बेटियों में सबसे बड़ी एमए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। दूसरी इंटर में है। तीसरी पुत्री कक्षा नौ की छात्रा है। बड़ी पुत्री बालिग और दोनों छोटी पुत्री नाबालिग हैं। तीनों के लापता होने की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। सर्विलांस के जरिए पुलिस सगी बहनों का पता लगाने में जुट गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि लापता सगी बहनों के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया है। शीघ्र ही उनको खोज लिया जाएगा।