मिर्जापुर। लालगंंज और जमालपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम से रात तक हुए हादसों में वृद्धा समेत तीन लाेगों की मौत हाे गई। लालगंज थाना क्षेत्र के बहेरा के पास बाइक की टक्कर से शादी में जा रही वृद्धा की मौत हो गई। गेरुआही के पास ट्रैक्टर की टक्कर से शादी समारोह से लौट रहे बोलेरो सवार मासूम की मौत हो गई। जमालपुर के जलालपुर चौराहे के पास बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के मगरदा कला गांव निवासी सुशीला देवी (65) अपने पुत्र महेश के साथ भाई के पुत्र के बहूभोज में शामिल होने रविवार की शाम को नदनी गांव जा रही थी। रास्ते में बहेरा गांव में दूसरी बाइक की टक्कर से सुशीला घायल हो गईं। उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि बाइक से गिरने से मौत हुई है।
प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के तेंदुआखुर्द गांव निवासी लाल साहब परिवार के साथ अपने साढ़ू के पुत्र की शादी में शामिल होने बोलेरो से दीपनगर गए थे। बोलेरो में 12 लोग सवार थे। वहां से देर रात एक बजे सभी लौट रहे थे। रास्ते में लालगंज थाना क्षेत्र के गेरुआही के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार लाल साहब के दो वर्षीय पुत्र अंश की मौत हो गई। लाल साहब, आशु और एक अन्य को गंभीर चोट आई। ट्रैक्टर चालक भाग गया। घायलों को सीएचसी से ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से बच्चे की मौत हो गई।
जमालपुर : थाना क्षेत्र के तेतरिया खुर्द निवासी इंद्रजीत सिंह (55) शाम को पैदल मंदिर में दर्शन करने थे। घर लौटते समय जलालपुर चौराहा के पास बाइक सवार ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से सिर में चोट लग गई। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष विजय सरोज ने बताया कि बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई।