चुनार कोतवाली क्षेत्र के सक्तेशगढ़ में मंगलवार की रात करबी सात बजे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी चुनार भेजा।
चुनार कोतवाली क्षेत्र निनौती गांव के लोग एक बालक का मुंडन कराने के लिए मंगलवार को चुनार स्थित सिद्धनाथ की दरी में आए थे। मुंडन कार्यक्रम पूरा होने के बाद सभी लोग घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर में 40 लोग सवार थे। शाम करीब सात बजे जैसे ही ट्रैक्टर निनौती गांव के पास पहुंचा कि चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी ट्राली के नीचे दब गए। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने किसी तरह ट्राली सीधा कराकर सभी को बाहर निकाला। उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को तुरंत ं सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने जोेखन राम की पत्नी कटोरा देवी (70), राजकुमार के पुत्र नीरज सिंह (10) को मृत घोषित कर दिया। दोनों निनैती गांव के ही रहने वाले थे। पड़री के छितमपुर निवासी नन्हेंराम के पुत्र श्याम कुमार (21) की भी हादसे में मौत हो गई। राजकुमार, अरामवती देवी, मुन्नी समेत 20 घायलों को भर्ती किया गया है। उसमें कुछ को मामूली चोटें आई हैं जबकि कुछ की हालत गंभीर है।