चुनार। चुनार विधान सभा क्षेत्र में स्वीकृत आठ संपर्क मार्गों के नवीनीकरण व विशेष मरम्मत कार्य में लगातार टालमटोल करने वाले संविदाकारों पर लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई की है।
विभाग ने उनकी निविदाएं निरस्त करते हुए एक वर्ष के लिए काली सूची में डालकर डिबार कर दिया है। यह कार्रवाई विधायक चुनार अनुराग सिंह की सख्ती और जनप्रतिनिधियों की लगातार शिकायतों के बाद की गई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी अमरेंद्र कांत पांडेय ने संबंधित निविदाकारों को कार्रवाई की जानकारी देते हुए पत्र भी भेजा है। लोक निर्माण विभाग में मे. कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी, सदानंद सिंह ओड़ी जमालपुर तथा मे. देवी कंस्ट्रक्शन कंपनी धौरूपुर के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।
इन फर्मों ने दरबान संपर्क मार्ग, बनौली संपर्क मार्ग,अदलहाट–मुहम्मदाबाद संपर्क मार्ग, रानीबाग जलालपुर रोड से जयपट्टी खुर्द संपर्क मार्ग, परड़वा करमा वाया निबिया हिनौता संपर्क मार्ग, चुनार-अहरौरा मार्ग से मीरपुर मार्ग, चित्त विश्राम से परगवां मार्ग की विशेष मरम्मत तथा नौडिहा पहाड़ी संपर्क मार्ग के नवीनीकरण के लिए न्यूनतम निविदाएं डाली थीं। संवाद