विंध्य ट्रक एसोसिएशन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। विंध्य ट्रक एसोसिएशन ने सावन में लागू रूट डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सोमवार के बजाय मंगलवार तक लागू रहने वाले रूट डायवर्जन पर आपत्ति जताई। साथ ही, इसे सोमवार रात 10 बजे से हटाने की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार उर्फ राजू चौबे ने ज्ञापन में कहा कि पिछले वर्षों में रूट डायवर्जन शनिवार से सोमवार तक लागू रहता था, लेकिन इस वर्ष इसे मंगलवार तक बढ़ा दिया गया है। इससे ट्रांसपोर्ट का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर से जल लेकर कांवड़ यात्री रविवार को रवाना होते हैं। सोमवार शाम तक अपने गंतव्य पहुंच जाते हैं। सोमवार शाम के बाद सड़कों पर कांवड़ यात्रियों की आवाजाही नहीं रहती। ऐसे में मंगलवार तक रूट डायवर्जन जारी रखना उचित नहीं है।
एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से सोमवार शाम के बाद स्थिति का सत्यापन कराने और यदि कांवड़ यात्रियों की आवाजाही न मिले तो सोमवार रात 10 बजे से ट्रकों के संचालन की अनुमति देने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में खनन और ट्रांसपोर्ट का कारोबार रूट डायवर्जन के कारण प्रभावित हो रहा है, व्यापारियों और वाहन संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।