मां विंध्यवासिनी मंदिर दान पेटिकाओं से निकले नोटों की गिनती करते तहसील कर्मी।-संवाद।
-चैत्र नवरात्र मेले के दो महीने बाद खोली गईं दान पेटिकाएं, मंगलवार को भी जारी रहेगी गणना
विंध्याचल। चैत्र नवरात्र मेले के करीब दो महीने बाद सोमवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर की तीन दान पेटिकाओं की सुबह 11 बजे नायब तहसीलदार गरिमा यादव की देखरेख में गिनती शुरू हुई। पुलिसकर्मियों और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई गिनती पहले दिन 22 लाख 18 हजार 195 रुपये प्राप्त हुए। दान की धनराशि को एसबीआई की विंध्याचल शाखा में विंध्य विकास परिषद के पदेन अध्यक्ष जिलाधिकारी के खाते में जमा कराई गई।
मंदिर के छत पर स्थित श्री विंध्य पंडा समाज कार्यालय में राजस्वकर्मियों ने रुपये और सिक्कों की गिनती की। देर रात तक चली गणना में 21 लाख 61 हजार 695 रुपये के नोट और 56 हजार 500 रुपये के सिक्के मिले। अधिकारियों के अनुसार मंदिर परिसर में स्थापित अन्य दान पेटिकाओं को मंगलवार सुबह 10 बजे से खोला जाएगा। उसके बाद गणना की जाएगी। इस दौरान विंध्य विकास परिषद के लिपिक ईश्वर दत्त त्रिपाठी, संग्रह अमीन सूरज सोनकर, विजय शंकर दुबे, हरेंद्र दुबे, अनिल सोनकर, इश्तियाक बेग, महबूब आलम समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।