अहरौरा। नगर के नई बाजार स्थित देवी टॉकीज के पास शनिवार को जमीन विवाद में सभासद की दौड़ाकर पिटाई करने के मामले में पुलिस ने शांतिभंग में तीन लोगों का चालान किया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कह रही है।
जमीन विवाद में शनिवार को दो पक्षों में लाठियां चली थीं। इसमें सभासद संजय जायसवाल और उसके भाई रोशन जायसवाल गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस की मौजूदगी में सभासद की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पीड़ित सभासद ने आरोप लगाया है कि विपक्षी बाबूलाल पटेल ने जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद के बाद हमला किया। पुलिस के सामने उसे मारा गया। घायल सभासद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज रविवार को आरोपी बनारसी पटेल, आर्यन व अभिषेक पटेल का शांति भंग में चालान कर दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि जमीन विवाद में पहले भी कार्रवाई की गई थी। एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन का चालान किया गया है। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बदली जा सकती हैं।