चुनार। क्षेत्र के सद्दूपुर से शुक्रवार की शाम को गंगा स्नान करने रामघाट पहुंचे तीन ममेरे और फुफेरे भाई डूब गए। साथ गए चौथे लड़के ने घर लौटकर जानकारी दी तो परिवार के लोग मौके पर पहुचे। वहीं, हादसे की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को लगाया। दो बच्चों के शव तो गोताखोरों ने बरामद कर लिया लेकिन तीसरे का पता नहीं चला। उसकी तलाश की जा रही है। मौके पर तहसीलदार और कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी योगेश तिवारी का बेटा अंशू तिवारी (9) अपने मौसेरे भाई पनारू तिवारी (9) पुत्र मुन्ना तिवारी निवासी मछली शहर जौनपुर के साथ ननिहाल चुनार के सद्दूपुर में मामा विकास तिवारी के घर आया था। शुक्रवार को शाम को चार बजे अंशू और पनारू अपने ममेरे भाई श्रीनिवास (17) पुत्र विकास तिवारी और परिवार उमंग तिवारी (10) के साथ गंगा स्नान करने रामघाट पहुंचे। अंशू, पनारू और श्रीनिवास गंगा में नहा रहे थे जबकि उमंग घाट पर बैठा था। गहरे पानी में जाने से तीनों डूब गए। यह देख उमंग भागकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुचे। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों की तलाश शुरू की गई। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे।
गोताखोरों की टीम ने करीब सवा घंटे बाद पनारू तिवारी को पानी से बाहर निकाला। पुलिस उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। साढ़े तीन घंटे बाद अंशू तिवारी का शव 50 फीट दूर बरामद हुआ। वहीं, श्रीनिवास की तलाश की जा रही है। घाट पर लोगों की भीड़ जुटी रही। चुनार कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि स्नान करते समय तीन बच्चे गंगा में डूबे थे। दो के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है।