Prayagraj News : पीईटी परीक्षा के बाद सीएवी इंटर कॉलेज से बाहर निकलते अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला।
जिले में शनिवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के पहले दिन दोनों पालियों में 4067 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। हालांकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
जिले में दो पालियों में 15 केंद्रों में पीईटी का आयोजन किया गया। परीक्षा में लगभग 13354 अभ्यर्थियों में से 9287 शामिल हुए। करीब लगभग 30 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक हुई। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी हुई।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने एएसजे इंटर कॉलेज, बीएलजे इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज व जीडी बिनानी पीजी कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्था की जानकारी ली। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सुबह की पाली में पंजीकृत 6672 अभ्यर्थियों में से 4615 उपस्थित एवं 2057 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में पंजीकृत 6672 अभ्यर्थियों में 4662 उपस्थित एवं 2010 अनुपस्थित रहे।