लालगंज। लहंगपुर बाजार में तीन दुकानों और बामी गांव में एक घर को चोरों ने मंगलवार की रात खंगाल दिया। कहीं शटर तोड़कर तो कहीं ताला तोड़कर घुसे चोर लाखों के आभूषण और गहने समेट ले गए। बुधवार को सुबह चोरी की शिकायतें मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
बथुआ निवासी रोहित यादव की लहंगपुर बाजार में आभूषण की दुकान है। वह बुधवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा था। दुकान में रखी 200 ग्राम चांदी और 25 हजार रुपये नकद गायब थे। वहीं, बामी निवासी इसहाक की परचून की दुकान से चोरों ने पांच हजार रुपये नकद उड़ा दिए। पास में ही स्थित शिव शंकर की परचून की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार चोरों ने काट दिया, ताकि घटना की रिकॉर्डिंग न हो सके।
इसी तरह बामी गांव निवासी वसीर के मकान में भी चोरी हुई। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर मोबाइल फोन, अटैची, बक्सा और नकदी ले गए। बुधवार को खेत में टूटी हुई अटैची मिली। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने सुराग जुटाए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।