अगर गांव में स्कॉर्पियों दिखाई दे तो लगेगा कि कोई बड़ा आदमी आया है। लेकिन स्कॉर्पियों से चोर आए तो कोई विश्वास नहीं करेगा। हलिया थाना क्षेत्र के चार गांवों में ऐसी ही एक घटना हुई है। हलिया थाना क्षेत्र के हलिया, हथेड़ा, छतरिहा, बडौही गांव से बृहस्पतिवार की रात स्कॉर्पियों से आए छह चोर कुछ घरों के पास बंधी 13 बकरियों को लाद ले गए।
पशुपालकों ने शुक्रवार की सुबह देखा तो बकरियां नहीं थीं। आसपास के सीसीटीवी कैमरे को देखने पर पता चला कि सफेद स्कॉर्पियो पर बकरियां लादी गईं थी। पशुपालकों ने शुक्रवार को इसकी सूचना थाने में देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के हलिया गांव निवासी बाबा खान की दो बकरियां, सिंटू की एक बकरी, दो बकरियों के बच्चे, नजमुद्दीन की तीन बकरियां व छतरिहा गांव निवासी लाल मोहम्मद की दो बकरियां व बडौहा गांव निवासी रज्जब अली की दो बकरियां, एक बकरी का बच्चा व एक मोबाइल स्कॉर्पियों सवार उठा ले गए।
चोरी की जानकारी होने पर शुक्रवार को पशुपालकों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में बताया कि एक से दो बजे रात के बीच बकरियां चोरी हुई हैं। हौसला बुलंद चोर थाना क्षेत्र में तीन रात से अलग अलग-अलग जगह चोरी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस गस्त बढ़ाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।